संकरी गलियों में पटाखा के गोदाम घटना हुई तो हो सकते हैं बड़े हादसे
शहर में अवैध पटाखा फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद भी धड़ल्ले से शहर के अंदर नियमों के विपरीत दुकान व गोदाम बनी हुई हैं। इससे कभी हादसे की आशंका बनी हुई है। कई दुकानें तो इतनी संकरी गलियों में हैं जहां चार पहिया वाहन पहुंचने में भी जद्दोजहद करनी पड़ेगी। वहीं आसपास आवासीय क्षेत्र होने और अन्य दुकानें होने के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका भी है।
मालूम हो कि लाइसेंस अधिकारी की ओर से पटाखा व्यापार करने के लिए दो तरह के लाइसेंस जारी होते हैं। इनमें स्थायी लाइसेंस साल भर व्यापार करने के लिए और अस्थाई लाइसेंस 15 दिनों के लिए मान्य होता है। ऐसे में स्थायी लाइसेंस लेने वाले व्यापारियों के लिए मानक निर्धारित किए गए हैं। लेकिन, इन मानकों का शहर में पालन नहीं किया जा रहा है। व्यापारियों ने पटाखों के गोदाम भी घनी बस्तियों में बना लिए हैं। वहीं कुछ गोदाम शहर के बीचों-बीच व्यावसायिक क्षेत्र में बने हुए हैं। महामाया रोड पर स्थित एक पटाखा गोदाम और राम मंदिर के सामने स्थित गोदाम संकरी गली में स्थित हैं। जहां किसी दुर्घटना होने पर आसानी से एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड का वाहन भी नहीं पहुंच सकता है। वहीं दीपावली को देखते हुए विक्रेताओं ने बड़े पैमाने पर बिक्री के लिए पटाखों का स्टॉक कर लिया है। ऐसे में कोई दुर्घटना होने पर बड़ी मात्रा में जनहानि या धनहानि हो सकती है। इन गोदामों में न तो सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं और न ही कोई सतर्कता बरती जा रही है।
इन नियमों का पालन करना जरूरी
पटाखा व्यापार करने के लिए सुरक्षित जगह पर गोदाम होना आवश्यक है। यह गोदाम आवासीय क्षेत्र से बाहर होना जरूरी है, ताकि किसी दुर्घटना के समय जनहानि को बचाया जा सके। इसके साथ ही गोदाम में सौ किग्रा विस्फोटक पटाखे ही बिक्री के लिए स्टॉक में रखे जा सकते हैं। वहीं सिर्फ बिक्री के लिए व्यवसायिक दुकान शहर क्षेत्र में खोली जा सकती है, जिसके लिए भी सुरक्षा जरूरी है।
इनके पास है व्यापार का लाइसेंस
शहर में स्थायी रूप से पटाखा बेचने का लाइसेंस बरेजपारा निवासी आशीष अग्रवाल, पुराना बस स्टैंड के पास अजय कुमार गोयल, महामाया रोड स्थित सतीश कुमार जैन, विनोद कुमार जैन, गौरीशंकर पांडेय, मो. जुनैद, रोशनलाल गोयल और मुकेश अग्रवाल शामिल हैं। इनमें मुकेश अग्रवाल और जुनैद के पास निर्धारित मात्रा में पटाखे बनाने के लिए भी लाइसेंस प्राप्त है।
पीजी ग्राउंड में लगेगा पटाखा बाजार
इस साल अस्थायी पटाखा बाजार पीजी ग्राउंड में लगेगा। दुकान के लिए 125 व्यापारियों ने आवेदन दिए हैं। वहीं पूरे जिले में पटाखे की दुकान लगाने के लिए कुल 301 आवेदन आए हैं। इनमें 234 आवेदक पहले भी दुकान लगा चुके हैं।
चायनीज पटाखों पर रहेगा प्रतिबंध
डिप्टी कलेक्टर नीलम टोप्पो ने बताया कि चायनीज पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। कोई भी व्यापारी न तो चायनीज पटाखों की बिक्री करेगा और न ही कोई इनका उपयोग करेगा। इसके साथ ही पटकनी बम की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।
मानक के विपरीत होने पर की जाएगी कार्रवाई
डिप्टी कलेक्टर नीलम टोप्पो ने बताया कि इस संबंध में अभी जानकारी नहीं है। पता करवाते हैं, यदि दुकानें या गोदाम नियमविरुद्ध होंगे तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं नियमों का पालन कराने के लिए व्यापारियों को निर्देशित किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kZyyki
via IFTTT
No comments