भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस पर लड्डू अर्पित किया
भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपरा के अनुसार श्रीजी की मूर्ति के समक्ष निर्वाण लड्डू अर्पित किया। इस अवसर पर खांदू कॉलोनी स्थित श्री श्रेयांसनाथ दिगंबर जैन दशा नरसिंहपुरा समाज के जिनालय में श्रद्धालुओं ने विधि विधान पूर्वक सोश्यल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पूजा आरती की।
जैन समाज खांदू कॉलोनी के अक्षय डांगरा और मनोज मालवीया ने बताया कि कार्तिक कृष्ण अमावस्या को सुबह 6 बजे जिनालय में मंगलाष्टक, अभिषेक, शांतिधारा का लाभ रमेश चंद्र पंचाेरी, हरीश सुंद्रावत, रितेश कुमार, शांतिलाल ने लिया। वहीं श्रीजी की मूर्ति का पूजन और निर्वाण लड्डू चढ़ाने का पुण्य लाभ पवन सुंद्रावत ने लिया।
शाम को महाआरती और भक्तामर आरती की गई। वहीं शहर के वासुपूज्य जिनालय, बाहुबली काॅलाेनी स्थित सुमतिनाथ जैन मंदिर, आदिनाथ जिनालय सहित सभी जिनालयाें में काेविड-19 के नियमाें की पालना करते हुए धार्मिक कार्यक्रम हुए।
दीपोत्सव पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुखोदय तीर्थ नसियाजी में प्रातः अभिषेक शांतिधारा के बाद धर्म प्रेमी बंधुओं द्वारा भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा पुरातन स्तूप चंद्र प्रभु जिनालय मानस्तंभ पर बोली के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी को निर्वाण लाडू चढ़ाया। पंचोरी सनी विनोद नानावटी, विनोद पन्नालाल, कुसुम सुभाष नानावटी, सुभाष लक्ष्मी लाल पंचोरी, केसरीमल मगनलाल पंचोरी, अतुल सुरेश चंद्र गांधी, राजेश शांतिलाल को निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का प्रथम अभिषेक का लाभ पंचोरी कैलाश चंद्र केसरीमल को मिला। इस अवसर पर बड़े भक्ति भाव से श्रद्धालुओं ने निर्मल लाडू चढ़ाया। जैन समाज उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गांधी ने बताया कि सुखोदय तीर्थ पर विशाल जिन मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। जिस पर पाषाण की 15 फीट ऊंची पद्मासन प्रतिमा मंदिरजी में विराजमान की जाएगी। दीपावली के शुभ अवसर पर बाहर से यात्रियों का श्रीजी के दर्शन के लिए आवागमन हो रहा है। श्रद्धालुओं द्वारा सभी टोको की वंदना की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2H6m2AH
via IFTTT
No comments