तीजनहावन के दिन पत्नी से हुई पूछताछ पुलिस को मौके पर पानी में मिली हथौड़ी
खेल शिक्षक हिमांशु मांडले की हत्या के मामले में बालोद पुलिस ने पुरानी बस्ती रायपुर से दो नाबालिग सहित पांच लोगों को पकड़ा है। बालोद लाकर हिरासत में लेकर बुधवार को पूछताछ करती रही। वहीं बुधवार को तीजनहावन का कार्यक्रम चल ही रहा था कि हिमांशु की पत्नी माधुरी को भी पूछताछ के लिए बालोद थाना ले आए। लेकिन जांच पूरी नहीं होने की वजह से पुलिस इस मामले का खुलासा करने से बचती नजर आ रही है।
हिमांशु के बड़े भाई शिव कुमार मांडले ने बालोद थाने पहुंचकर हिमांशु की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से मेरा भाई परेशान था। कुछ महीने पहले भाई ने बताया था कि दोनों के बीच पति-पत्नी जैसा कोई संबंध नहीं है। उसकी पत्नी ने 6 माह से पति होने का अधिकार भी छीन लिया था।
हत्या में हथौड़ी का उपयोग कर पानी में फेंका था: बुधवार को एएसपी डीआर पोर्ते गोताखोरों को लेकर मौके पर मामले की जांच करने के लिए पहुंचे। जिसमें पुलिस को हत्या में उपयोग की हुई हथौड़ी मिली। हालांकि इसे भी गोपनीय रखा गया है। इस पूरे मामले की जांच के लिए एसपी जितेंद्र सिंह मीणा ने तीन टीमें बनाई है। जिसमें कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेस जैसे कई गतिविधियों के लिए तकनीकी सहायता भी ली जा रही है। पुलिस मृतक शिक्षक की पत्नी माधुरी के मोबाइल की भी जांच कर रही है कि उन्होंने किसके साथ कब और किस सिलसिले में बात की। मोबाइल से भी अहम सुराग मिलने की जानकारी है। जिसका खुलासा बालोद पुलिस जल्द करने की बातें कह रही है। एएसपी डीआर पोर्ते ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। मामले की जांच चल रही है।
कुछ लोग कर रहे गुमराह बिना दबाव जांच करे पुलिस
मृतक के भाई शिव कुमार ने बहू के ऊपर आरोप लगाते हुए बताया कि मेरे भाई की हत्या सोची समझी एक साजिश है। हत्यारों को हत्या करने के लिए सुपारी दी गई होगी और ऐसा नहीं है तो घर का सात तोले वाला सोने का नेकलेस हार गायब कैसे हो गया। मृतक के भाई ने कहा कि कई लोग मामले को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस को बिना दबाव के जांच करने देना चाहिए। सच्चाई सामने आ जाएगी। मृतक के भाई ने आरोप लगाते हुए कहा कि सात तोले सोने का हार देकर बहू ने ही मेरे भाई को मरवाया।
हिरासत में लिए गए सभी की उम्र 17 से 25 के बीच
बालोद पुलिस ने हिमांशु की पत्नी का मोबाइल जब्त करने के बाद सबसे पहले शहर के मरारपारा के डांसर लोकेंद्र पटेल को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया। इसके बाद मंगलवार रात में ही रायपुर के पुरानी बस्ती के रहने वाले पांच युवकों को पूछताछ के लिए बालोद ले आई। इसमें से दो नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम हैं। वहीं पुलिस के अनुसार एक युवक निगरानी सुदा बदमाश भी है। शिक्षक की पत्नी और बेटी को डांस सिखाने वाला लोकेंद्र पटेल भी दल्ली में पहले लूट जैसी बड़ी घटना को अंजाम दे चुका है।
बेटी हत्या में शामिल होगी तो हम उससे दूर हो जाएंगे
बुधवार को हिमांशु की पत्नी माधुरी से बालोद पुलिस ने तीन घंटे पूछताछ की। माधुरी के माता-पिता और भाई भी थाने पहुंचे हुए थे। इस दौरान माधुरी के पिता राजेन्द्र टंडन (प्रधान आरक्षक) ने कहा कि इस घटना में अगर मेरी बेटी गुनहगार हुई तो बिल्कुल उसे सजा मिलनी चाहिए। पूरा परिवार हमेशा के लिए उससे दूर हो जाएंगे। जीवनभर के लिए भूल जाएंगे। हमारा दामाद बहुत अच्छा था। बुधवार को हिमांशु के घर तीजनहावन का कार्यक्रम चल रहा था। वहां से परिवार वाले सुबह से शाम तक थाना पहुंचते रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38LS4Mr
via IFTTT
No comments